Best collection of Hindi stories

Blog Search

Bannner q

Translate

Best collection of Hindi stories

Inspiration लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Inspiration लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 11 अक्टूबर 2021

अक्टूबर 11, 2021

Motivation Story in Hindi 2021 - किसान का धैर्य || Hindi Stories Blog

Listen now


मेरे साथ जो हुआ वह अच्छा या बुरा (किसान का धैर्य)


क्यों पढ़ें - कई बार हम बहुत ज्यादा ही अपनी लाइफ को लेकर सीरियस हो जाते हैं। कि जैसे ही कुछ बुरा हुआ तो हम उदास हो जाते हैं और पल भर में जब कुछ अच्छा घटित होता है तो हम खुश हो जाते हैं। हमारे विचार बहुत जल्दी ही बदल जाते हैं।


हम यह नहीं सोचते कि जो कुछ घटित हुआ है वह हमारे लिए अच्छा है या बुरा। हमारे साथ घटी घटना का भविष्य में क्‍या प्रभाव पड़ेगा ये हमें खुद पता नही होता है।


(आज यह कहानी आपको कठिन परिस्थितियों में धैर्य का महत्व सिखाएगी)



किसान का धैर्य | Short Story On Patience In Hindi


एक समय की बात है। एक किसान था जिसके पास एक घोड़ा था। वह अपने इस घोड़े से बहुत प्यार करता था। उसे अपने घोड़े पर बहुत गर्व था जो किसान की कमाई का जरिया भी था। अपनी इस कमाई से किसान अपने परिवार का पेट भरता था।


लेकिन एक दिन वह घोड़ा भाग गया। उसके भागने के बाद समाज के लोग और उस किसान के पड़ोसी उसके पास आकर उससे कहने लगे- “हे भगवान! तुम्हारा घोड़ा, जिस पर तुम्हें बहुत घमंड था वह तो भाग गया।” उसको सांत्वना देने लगे कि उसके साथ बहुत बुरा हुआ। लेकिन किसान ने उसका जवाब बहुत ही सहजता से देते हुए कहा- “हाँ! बहुत बुरा हुआ।”


फिर अगले दिन,


अगले दिन घोड़ा वापस आ गया। लेकिन सिर्फ घोड़ा वापस नहीं आया बल्कि वह अपने साथ तीन जंगली घोड़े भी लाया। फिर उसके पड़ोसी उसके पास दौड़ते हुए आये और उस किसान से कहने लगे- “आप का घोड़ा आ गया और अपने साथ तीन और घोड़े भी लाया है। यह तो बहुत अच्छी बात है, आपकी किस्मत तो बहुत अच्छी है।”


किसान बहुत खुश हुआ, उनकी तरफ देखा फिर उसका जवाब बहुत ही साधारण रूप से दिया और कहा- “हाँ! शायद”


कुछ दिनों बाद,


कुछ दिनों बाद किसान का बेटा उसी जंगली घोड़े में से किसी एक को काम के लिए उपयोगी बनाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन इसी कोशिश के दौरान घोड़े ने उसे जमीन पर पटक दिया और उसका पैर बुरी तरह से टूट गया। उसके पड़ोसी उससे कहने लगे- “उस पागल घोड़े ने देखो तुम्हारे बेटे के साथ क्या किया। उसका पैर तोड़ दिया। यह तो बहुत बुरा हुआ।” किसान दुखी हुआ और फिर से उसी तरह जवाब दिया और कहा- “हाँ! शायद मेरे बेटे के साथ गलत हुआ।”


अगले दिन,


अगले दिन सेना के कुछ जवान उस किसान के घर आते हैं जो जंग छिड़ने के कारण नए जवानों की भर्ती कर रहे होते है। उसमें से एक जवान ने किसान के बेटे को देखा और बोला- “इसका तो पैर टूटा हुआ है। हम इसे सेना में भर्ती नहीं कर सकते।” और वे जवान गाँव के सभी लड़कों को लेकर अपने साथ चले गए। यह जानकर उसके पड़ोसी और बाकी गाँव वाले उसके पास आए और बोलने लगे- “तुम्हारे बेटे को तो जवान जंग के लिए नहीं ले गए, तुम्हारी किस्मत तो बहुत ही अच्छी है।”


इस आखिरी बार भी किसान ने फिर से बड़ी सहजता से कहा- “हाँ! शायद।”



कहानी की प्रेरक बातें


इस कहानी से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि “हमारे लिए चीज़ो को नकारात्मक ढंग से सोचने में जरा भी समय नहीं लगता हैं।” जब भी कुछ हमारे अनुकूल नहीं होता, तो हम उसे बुरा ही समझते। लेकिन सच बात तो यह है कि “कोई नहीं जानता कि जो हमारे जो साथ घटा है वह बुरा है या अच्छा।”


इस कहानी में भी किसान के भावों में परिवर्तन परिस्थितियों के कारण होता है। बुरी परिस्थितियों में वह नकारात्मक हो जाता है और अच्छी परिस्थितियों में वह सकारात्मक। इन नकारात्मक और सकारात्मक परिस्थितियों के बीच के समय में धैर्य रखना बहुत जरूरी होता है।


क्या आप वाकई में यह बता सकते हैं कि हमारे साथ जो घट रहा है वो गलत है या सही! बिना यह जाने कि भविष्य में उसका क्या प्रभाव पड़ेगा हम पर यह हमारे जीवन पर।


मुझे लगता है आपका जवाब होगा “नहीं।”


हमारे समाज में, हमारे देश में ऐसे बहुत से महान लोग हैं जो अपने जीवन में असफल हुए, हारे, अनेक बड़ी-बड़ी बीमारियों से लड़े। किंतु उन्होंने कभी भी अपना धैर्य नहीं खोया और ना ही हार माने। यही आगे चलकर बड़े प्रसिद्ध हुए, सफलता के मुकाम पर पहुंचे और महान बने।


हमारे बड़े बुजुर्ग सही ही कह गए हैं कि


“जो होता हैं, अच्छे के लिए ही होता हैं।”


यह छोटी सी लाइन हमें बहुत कुछ सीखा जाती है और ये बात हमें कभी नहीं भूलनी चाहिए।


हमेशा कोशिश करते हो,

जीवन के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते चलो।



बुधवार, 9 जून 2021

जून 09, 2021

Inspirational Story in Hindi - प्यार और शादी का सबक ||Hindi Stories Blog

 


एक युवक अपने जीवन में प्रेम के उतार-चढ़ाव से जूझ रहा था. प्रेम में क्या सही है और क्या गलत? वह समझ नहीं आ रहा था. एक तरह से वह उलझ कर रह गया था. एक दिन वह अपने मन की उलझनों के साथ अपने दादाजी के पास पहुँच गया. वह अपने दादाजी के बेहद करीब था, जिनसे वह अपने मन की हर बात कह लेता था. इसलिए ऐसी उलझनों के समाधान के लिए उनसे बेहतर कोई विकल्प ही न था.

दादाजी का हालचाल जानने के बाद वह मुद्दे की बात पर आया और अपने मन की उलझन बताते हुए पूछा, “दादाजी! ऐसा क्यों होता है कि इंसान प्यार तो किसी और से करता है, लेकिन शादी किसी और से?”

प्रश्न सुनकर दादाजी मुस्कुराये, वे पोते के मन की उहापोह समझ चुके थे और यह भी जानते थे कि इसके निदान का सर्वोत्तम तरीका क्या है?

वे बोले , “बेटा, तुम्हारे प्रश्न का उत्तर देने के पहले मैं तुम्हें एक काम सौंपता हूँ.”

“बताइए दादाजी! क्या काम है? मैं फ़ौरन वह काम कर दूंगा.” युवक बोला.

“ऐसा करो तुम गेहूँ के खेत में जाओ और सबसे अच्छी गेहूँ की बाली चुनकर मेरे लिए ले आओ. लेकिन शर्त यह है कि उस गेहूँ की बाली का चुनाव तुम्हें एक बार देखकर ही करना होगा. अगर एक बार तुम उसे छोड़कर आगे बढ़ गए, तो फिर वापस लौटकर उस बाली को नहीं चुन सकते.”

युवक गेहूँ के खेत में चला गया. वहाँ वह गेहूँ की बालियों का मुआयना करने लगा. कई बालियाँ देखने के बाद उसे एक बहुत ही अच्छी गेहूँ की बाली दिखाई पड़ी. वह उसे तोड़ने को हुआ, लेकिन तभी उसके मन में विचार आया कि हो सकता है आगे बढ़ने पर उसे इससे भी अच्छी बाली मिल जाये. इसलिए वह उसे बिना तोड़े ही आगे बढ़ गया. कुछ दूर आगे जाने पर उसे एक और अच्छी गेहूँ की बाली दिखाई पड़ी. लेकिन पुनः उसके मन में वही विचार आया कि शायद आगे उसे इससे भी अच्छी गेहूँ की बालियाँ मिल जाये और वह फिर से आगे बढ़ गया.

इस तरह पूरे खेत का भ्रमण कर लेने के बाद भी वह एक भी गेहूँ की बाली नहीं तोड़ पाया. खेत के अंतिम छोर में पहुँचने पर उसे समझ आया कि जो बालियाँ उसे पहले दिखाई पड़ी थी, वे बेहतर थी. लेकिन शर्त अनुसार अब वह वापस नहीं जा सकता था. अतः वह खाली हाथ ही अपने दादाजी के पास वापस आ गया. पूछने पर उसने सारा वृतांत सुना दिया.

दादाजी बोले, “बेटा, जैसी गलती तुमने अभी कुछ देर पहले गेहूँ के खेत में की, वही गलती प्रेम में पड़ने वाले लोग वास्तविक जीवन में करते हैं. वे और बेहतर की तलाश में उस इंसान को खो देते हैं, जो उनका बेहतरीन साथी हो सकता था.”

“तो क्या इसका अर्थ है कि किसी को प्रेम में पड़ना ही नहीं चाहिए?” युवक ने पूछा.

दादाजी ने उत्तर दिया, “नहीं, ऐसा नहीं है. कोई भी प्रेम में पड़ सकता है, यदि कोई योग्य व्यक्ति मिल जाये तो. लेकिन जब भी किसी से सच्चे मन से प्रेम करो, तो उसे कभी भी गुस्से, अहंकार और किसी अन्य से तुलना के कारण मत छोड़ो.”

“पर ऐसा क्यों होता है दादाजी कि इंसान जिससे प्रेम करता है उसे छोड़कर दूसरे से शादी कर लेता है.”

यह प्रश्न सुनकर दादाजी बोले, “इसका उत्तर देने के पहले मैं फिर से तुम्हें एक कार्य सौंपता हूँ. अब तुम एक मक्के के खेत में जाओ और सबसे बड़ा मक्का चुनकर मेरे लिए लेकर आओ. लेकिन इसमें भी शर्त पहले जैसी ही है. मक्के का चुनाव तुम्हें एक बार देखकर ही करना होगा. अगर एक बार तुम उसे छोड़कर आगे बढ़ गए, तो फिर वापस लौटकर उस मक्के को नहीं चुन सकते.”

युवक मक्के के खेत में चला गया. किंतु इस बार वह सावधान था. उसने वह पहली वाली गलती नहीं दोहराई और खेत के बीच पहुँचकर एक मध्यम आकार का मक्का तोड़कर वापस आ गया. वापस आकर उसने दादाजी को बताया कि उसने उस मक्के का चुनाव कैसे किया.

दादाजी बोले, “अपने पुराने अनुभव के कारण तुम इस बार खाली हाथ नहीं लौटे. तुमने बस एक ठीक-ठाक मक्का खोजा और यकीन कर लिया कि यही सबसे अच्छा है. वास्तविक जीवन में भी लोग इसी तरह अपने पुराने अनुभव से सीख लेकर शादी के लिए चुनाव करते है.”

दादाजी की बात सुनकर युवक दुविधा में पड़ गया. उसे दुविधा में देख दादाजी ने  पूछा, “अब तुम्हें कौन सी बात परेशान कर रही है?’

“दादाजी आपकी बात सुनने के बाद मैं सोच रहा हूँ कि क्या बेहतर है जिससे प्यार करते हैं, उससे शादी करना या जिससे शादी की है, उससे प्यार करना?”

“बेटा, ये तो तुम पर निर्भर करता है….” दादाजी ने उत्तर दिया.

दोस्तों, जीवन में हम जो भी चुनते हैं, उसके साथ हम खुश रहते हैं या नहीं, ये पूर्णतः हम पर निर्भर करता है. इसलिए चुनाव हमें सोच-समझकर करना होगा. अन्यथा हम जीवन भर ये सोचकर पछताते रहेंगे कि काश मैंने कुछ और चुना होता? लेकिन यह भी सच है कि जब तक हम खुद में सच्चे और ईमानदार रहेंगे, हम किसी भी चुनाव में गलत नहीं हो सकते.

Post Labels